नई दिल्ली, 11 दिसम्बर 2019 :आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के लिए रेलवे की ओर से ट्रेन उपलब्ध कराने से इनकार करने पर केंद्र की भाजपा सरकार को आड़े हाथ लिया है। आगामी विधानसभा चुनाव में हार का एहसास हो जाने के बाद भाजपा बौखला गई है। इसी बौखलाहट में भाजपा ने रेल मंत्रालय पर दबाव डालकर दिल्ली में बुजुर्गों के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के लिए ट्रेन उपलब्ध कराने से इनकार करा दिया है। भाजपा ने जानबूझ कर बुजुर्गों की यात्रा रोकी है। भाजपा की आगामी विधानसभा चुनाव में निश्चित तौर पर होने जा रही हार की हताशा को यह कार्य दर्शाता है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने कहा कि तीर्थ यात्रा रोकने पर भाजपा को बुजुर्गों की बददुआ लगेगी और यह बददुआ आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार का प्रमुख कारण बनेगी। आम आदमी पार्टी ने भाजपा से पांच सवाल पूछकर उसका जवाब भी मांगा है।
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने पार्टी मुख्यालय में हुई एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने दिल्ली के बुजुर्गों के लिए मुफ्त तीर्थ यात्रा योजना कार्यक्रम की शुरुआत की। इस योजना के तहत दिल्ली के बुजुर्गों को देश के अलग-अलग तीर्थ स्थानों पर ले जाकर दर्शन कराए जाते हैं। इस यात्रा के दौरान बुजुर्गों के आने-जाने, रहने और खाने का सारा खर्चा दिल्ली सरकार द्वारा उठाया जाता है। इस तीर्थ यात्रा योजना के तहत हजारों बुजुर्ग अब तक तीर्थ स्थलों के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह बड़े ही दुख की बात है कि ऐसे पवित्र और पुण्य के काम में भी भारतीय जनता पार्टी को परेशानी है। केंद्र में बैठी भाजपा की सरकार ने 10 दिसंबर को इन तीर्थ यात्राओं के लिए आरक्षित ट्रेनों को रद्द कर दिया है।
12 तीर्थ स्थलों के लिए 63435 लोगों ने किया है रजिस्ट्रेंशन - गोपाल राय
गोपाल राय ने बताया कि 10 दिसम्बर को रेलवे विभाग की ओर से एक पत्र प्राप्त हुआ। जिसमें कहा गया है कि ट्रेनों की अनुपलब्धता के कारण अब आगे तीर्थ यात्रा योजना के लिए ट्रेनें मुहैया नहीं कराई जा सकती, जिस कारण सभी तीर्थ यात्राएं रद्द की जा रही हैं। गोपाल राय ने बताया कि अभी तक 12 रूट पर यात्राएं चल रही थी, जिनमें दिल्ली से अजमेर, वैष्णो देवी, रामेश्वरम, तिरुपति, द्वारकाधीश, जगन्नाथपुरी, शिरडी, उज्जैन, बोधगया, मथुरा और हरिद्वार रुट शामिल है। इन रूटों पर अभी तक दिल्ली से अजमेर के लिए 2366 बुजुर्गों ने नामांकन करवाया है। इसी तरह, अमृतसर के लिए 4677, वैष्णो देवी के लिए 4987, रामेश्वरम के लिए 20558, तिरुपति के लिए 7813, द्वारकाधीश के लिए 10233, जगन्नाथपुरी के लिए 4324, शिरडी के लिए 5028, उज्जैन के लिए 2629 और बौद्धगया के लिए 820 बुज़ुर्गों ने नामांकन करवाया है। अब तक कुल 63435 लोगों ने इस तीर्थ यात्रा का लाभ लेने के लिए अपना नामांकन दर्ज करवाया है।
दिसम्बर व जनवरी में 30877 बुजुर्गों को करनी थी तीर्थ यात्रा - गोपाल राय
गोपाल राय ने बताया कि रेलवे विभाग ने जुलाई से शुरू हुई इस यात्रा के लिए चार स्पेशल ट्रेन दिल्ली सरकार को मुहैया कराई थी, जिसके तहत अब तक लगभग 32828 बुजुर्गों ने अपनी तीर्थ यात्रा संपन्न की है। तीन ट्रेनें वर्तमान में भी तीर्थ यात्रा के लिए गई हुई हैं। गोपाल राय ने बताया कि आगामी तीर्थ यात्राओं के लिए दिल्ली से अजमेर के लिए 1414, अमृतसर के लिए 832, वैष्णो देवी के लिए 1076, रामेश्वरम के लिए 12963, तिरुपति के लिए 2890, द्वारकाधीश के लिए 5376, जगन्नाथपुरी के लिए 2682, शिरडी के लिए 2135, उज्जैन के लिए 689 और बोधगया के लिए 820 बुजुर्गों ने अपना नामांकन दर्ज कराया हुआ है। अर्थात कुल 30877 बुजुर्गों को इस दिसंबर और जनवरी के महीने में तीर्थ यात्रा के लिए जाना था। उन्होंने बताया कि कुल 34 ट्रेनें इन आगामी तीर्थ यात्राओं के लिए आरक्षित थी, परंतु 10 दिसंबर को अचानक से रेलवे ने एक पत्र के माध्यम से सभी ट्रेनें रद्द करने और कोई ट्रेन नहीं देने की जानकारी दिल्ली सरकार को भेजी।
तीन हजार टिकट जारी करने के बाद रद्द की गई ट्रेन - गोपाल राय
गोपाल राय ने बताया कि आगामी तीर्थ यात्राओं के लिए रेलवे विभाग ने 1000 टिकट 10 दिसम्बर का रामेश्वरम जाने वाली ट्रेन के लिए जारी कर दिए थे। 1000 टिकट 11 दिसम्बर को द्वारकाधीश जाने वाली ट्रेन के लिए जारी कर दिए थे और 1000 टिकट 14 दिसम्बर को रामेश्वरम जाने वाली ट्रेन के लिए भी जारी कर दिए थे। दिल्ली सरकार द्वारा यह सभी टिकट तीर्थ यात्रियों को पहुंचा भी दिए गए थे, परंतु अचानक से केंद्र सरकार ने यह सभी ट्रेनें रद्द कर दी। उन्होंने कहा कि इस समय देश में न तो किसी भी त्यौहार का समय है और ना ही कोई ऐसी बड़ी आपदा है कि जिसकी वजह से देश के कोने-कोने से लोगों को बड़ी संख्या में एक जगह से दूसरी जगह आना-जाना पड़ रहा हो। यह समझ के बिल्कुल ही परे है कि केंद्र सरकार ने अचानक से तीर्थयात्रा पर जाने वाली सभी ट्रेने क्यों रद्द कर दी।
रेलवे ने 1 दिसम्बर से 28 जनवरी तक का विवरण भेजा था - गोपाल राय
गोपाल राय ने रेलवे विभाग द्वारा 22 नवंबर को भेजे गए एक पत्र का हवाला देते हुए कहा कि रेलवे विभाग ने इस पत्र में 1 दिसंबर से लेकर 28 जनवरी तक की यात्राओं का पूरा ब्यौरा बनाकर भेजा। जिसमें साफ तौर पर लिखा हुआ था कि किस जगह की ट्रेन किस दिन जाएगी और इसके जवाब में दिल्ली सरकार ने 28 नवंबर को स्वीकृति पत्र भी रेलवे विभाग को भेजा। 28 जनवरी तक का विवरण भेजने के बाद अचानक से यात्राओं को रद्द कर देना इस बात को साबित करता है कि भारतीय जनता पार्टी हार के डर से बुरी तरह बौखला गई है। गोपाल राय ने कहा कि राजनीतिक परिपेक्ष्य में बुजुर्गों की तीर्थ यात्रा को रोक देना एक घिनौना कृत्य है और देश के इतिहास में शायद किसी पार्टी ने इतनी घटिया राजनीति आज तक की होगी।
मीडिया के माध्यम से गोपाल राय ने भारतीय जनता पार्टी से पांच प्रश्न पूछे जो कि निम्न प्रकार से हैं....
1) जो ट्रेनें बुजुर्गों की तीर्थ यात्रा के लिए आरक्षित हो चुकी थी, उन्हें क्यों रोका गया?
2) जो चार स्पेशल ट्रेन इस तीर्थयात्रा के लिए जुलाई के महीने से आरक्षित थी उन चारों ट्रेनों को कहां लगाया गया है?
3) अगर ट्रेनों की अनुपलब्धता थी तो आपने 22 नवंबर को पत्र के माध्यम से दिल्ली सरकार के पास प्रस्ताव क्यों भेजा?
4) आपको बुजुर्गों की तीर्थ यात्रा से डर क्यों लग रहा है? क्या इसके पीछे कोई राजनीतिक कारण है?
5) क्या भाजपा के पास दिल्ली में कोई ऐसा मुद्दा नहीं बचा जिस पर वह राजनीति कर सके?
नकारात्मक राजनीति कर रही है भाजपा - गोपाल राय
गोपाल राय ने भारतीय जनता पार्टी को सुझाव देते हुए कहा कि इस प्रकार की नकारात्मक राजनीति करने के बजाय भाजपा को, भाजपा शासित राज्यों में, दिल्ली सरकार की भांति बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा ही नकारात्मक राजनीति करती रही है और आम आदमी पार्टी हमेशा उनकी नकारात्मक राजनीति का जवाब पुरजोर तरीके से देती रही है और आगे भी इसी प्रकार से हम भाजपा की नकारात्मक राजनीति का जवाब देते रहेंगे। भाजपा नकारात्मक राजनीति करती रहेगी और आम आदमी पार्टी काम करने की राजनीति पर अडिग है और आगे भी काम करती रहेगी।
ताज़ातरीन ख़बरें पढ़ने के लिए आप वतन समाचार की वेबसाइट पर जा सक हैं :
https://www.watansamachar.com/
उर्दू ख़बरों के लिए वतन समाचार उर्दू पर लॉगिन करें :
http://urdu.watansamachar.com/
हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करना न भूलें :
https://www.youtube.com/c/WatanSamachar
ज़माने के साथ चलिए, अब पाइए लेटेस्ट ख़बरें और वीडियो अपने फ़ोन पर :
आप हमसे सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं- ट्विटर :
https://twitter.com/WatanSamachar?s=20
फ़ेसबुक :

यदि आपको यह रिपोर्ट पसंद आई हो तो आप इसे आगे शेयर करें। हमारी पत्रकारिता को आपके सहयोग की जरूरत है, ताकि हम बिना रुके बिना थके, बिना झुके संवैधानिक मूल्यों को आप तक पहुंचाते रहें।
Support Watan Samachar
100 300 500 2100 Donate now






Enter your email address to subscribe and receive notifications of latest News by email.
Enter your email address to subscribe and receive notifications of latest News by email.