भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज गुजरात के कोडिनार, मांगरोल और वेरावल में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया और राज्य की जनता से गुजरात के साथ हमेशा अन्याय करने वाली और प्रदेश को विकास से महरूम रखने वाली कांग्रेस को इस विधान सभा चुनाव में सजा देने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री विजयभाई रुपाणी, उप-मुख्यमंत्री नितिनभाई पटेल और प्रदेश अध्यक्ष जीतूभाई वाघाणी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने की अपील की।
उत्तर प्रदेश के स्थानीय निकाय के चुनावों में भाजपा को मिली शानदार सफलता पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने उत्तर प्रदेश की जनता, राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, भाजपा कार्यकर्ताओं तथा संगठन पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि 16 में से 14 नगर निगमों में भाजपा की शानदार जीत हुई है और पूरे उत्तर प्रदेश में कमल खिला है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को नगर निगम की एक भी सीट पर जीत नहीं मिल पाई है और इतना ही नहीं, राहुल गांधी के लोक सभा क्षेत्र अमेठी से भी कांग्रेस का सूपड़ा साफ़ हो गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इससे भी बड़ी जीत 18 दिसंबर को गुजरात दर्ज करेगी जब भारतीय जनता पार्टी 150 से अधिक सीटों पर जीत का परचम लहरायेगी।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस झूठा प्रचार कर जनता को गुमराह करने में माहिर है। उन्होंने कहा कि तीन महीन पहले जीडीपी के आंकड़े आये थे, तभी जीएसटी नया-नया इम्प्लीमेंट हुआ था, तो जीडीपी के आंकड़ों में थोड़ी सी गिरावट आई। उन्होंने कहा कि जीडीपी के आंकड़ों में थोड़ी सी गिरावट दर्ज होते ही कांग्रेसी नेता टीवी चैनलों पर देश में मंदी आई, मंदी आई की रट लगाने लगे। उन्होंने कहा कि कल जीडीपी के नए आंकड़े आये, भारत की जीडीपी फिर से तेज रफ़्तार से आगे बढ़ चली तो अब कांग्रेस के नेताओं की बोलती बंद हो गई है.
कांग्रेस पर करारा प्रहार करते हुए शाह ने कहा कि कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह गुजरात में किस मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल विरोध के आधार पर और जातिवाद के आधार पर राजनीति करती है जबकि भारतीय जनता पार्टी विकास के आधार पर चुनाव लड़ती है। उन्होंने कहा कि गुजरात में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने विकास के नए आयाम स्थापित किये हैं। गुजरात के हर गाँव में 24 घंटे विद्युत् आपूर्ति सुनिश्चित की गई है, सड़क, पानी, शिक्षा, कृषि और स्वास्थ्य के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुए हैं लेकिन राहुल गांधी को गुजरात का विकास दिखाई नहीं देता।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हमने गुजरात में एम्स देने का काम किया, इंटरनेशनल एयरपोर्ट, हाइवे, बुलेट ट्रेन, घोघा-दहेज रो-रो फेरी सेवा, स्मार्ट सिटी सहित कई योजनायें शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में श्री नरेन्द्रभाई मोदी जी की सरकार आते ही गुजरात को उसके हक़ की रॉयल्टी मिलनी शुरू हुई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश के गाँव, गरीब, किसान, दलित, पिछड़े, आदिवासी, युवा एवं महिलाओं के कल्याण के लिए 106 से अधिक योजनायें शुरू की हैं और इन सभी सर्वस्पर्शी योजनाओं को नीचे तक पहुंचाने का भी काम किया है।